Uttarakhand Teacher Vacancy 2024 : राज्य के उन युवाओं के लिए खुशखबरी है जो शिक्षक बनने का ख्वाब संजोए हुए हैं। प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के 3253 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। शिक्षा विभाग इन पदों पर शीघ्र भर्ती करने के लिए चुनाव आयोग से अनुमति मांगी थी। सोमवार को चुनाव आयोग ने मंजूरी दे दी। अब अतिशीघ्र आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस भर्ती के लिए केवल डीएलएड के अभ्यर्थी की पात्र होंगे। बीएड वाले आवेदन नहीं कर सकेंगे। जो 3253 पद हैं, इनमें से 1,250 पद वर्ष 2018, 2020 एवं 2021 की रुकी भर्ती के हैं। शेष पद इस वर्ष के हैं।

शिक्षा विभाग ने सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती के लिए वर्ष 2018, 2020 एवं 2021 में 3099 पदों के लिए विज्ञापन जारी किए थे। उस दौरान बीएड और डीएलएड को भर्ती के पात्र घोषित किया गया था। बाद में शासन ने एनआईओएस से डीएलएड को भी मान्य कर दिया। कुछ समय बाद शासन ने एनआईओएस से डीएलएड मान्य वाला आदेश रद्द कर दिया, जिससे भर्ती विवादों में उलझ गई। इन सबके बाद उत्तराखंड सरकार ने बीएड अभ्यर्थियों को प्राथमिक विद्यालय के लिए अमान्य घोषित कर दिया।
हालांकि, सेवा नियमावली 2012 में संशोधन के पहले डीएलएड के साथ ही तमाम बीएड करने वाले अभ्यर्थी 1849 पदों में अपनी जगह बना चुके थे। संशोधन के बाद बचे 1250 पदों के साथ ही वर्तमान में खाली 2033 पदों पर शिक्षकों की भर्ती होनी है।