Uttarakhand : विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर नई दिल्ली स्थिति विज्ञान भवन में उत्तराखंड का बोलबाला रहा। यहां के चार गांवों को सर्वश्रेष्ठ ग्राम से पुरस्कृत किया गया। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के हाथों पुरस्कार लेने गए ग्राम प्रधान पारंपरिक वेशभूषा से भी लोगों को ध्यान आकर्षित किया। यह आयोजन केंद्रीय पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित किया गया था।
सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम प्रतियोगिता में उत्तरकाशी जिले के जखोल गांव को साहसिक पर्यटन के लिए चुना गया। जखोल अपनी ऊंचाई, खूबसूरत प्राकृतिक दृश्यों और चुनौतीपूर्ण ट्रेकिंग रूट्स के लिए जाना जाता है। साहसिक गतिविधियों के शौकीनों के बीच यह गांव तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यहां पर बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। यहां के निवासियों के सहयोगात्मक रवैये की भी तारीफ खूब की जाती है।
उत्तरकाशी के ही हर्षिल गांव और पिथौरागढ़ जिले के गुंजी गांव को वाइब्रेंट विलेज के रूप में सम्मानित किया गया। हर्षिल अपनी प्राकृतिक सुंदरता, बर्फ से ढके पहाड़ों और सेब के बगीचों के लिए प्रसिद्ध है, जबकि गुंजी गांव, जो चीन और नेपाल सीमा के निकट स्थित है, अपनी सामरिक और सांस्कृतिक महत्व के कारण विशेष स्थान रखता है। इन गांवों में स्थानीय संस्कृति और आधुनिकता का संगम देखने को मिलता है। यहां आए पर्यटक स्थानीय व्यंजन का लुत्फ जरूर उठाते हैं।
बागेश्वर जिले के सूपी गांव को कृषि पर्यटन के लिए पुरस्कृत किया गया। सूपी गांव अपनी पारंपरिक कृषि पद्धतियों और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के लिए जाना जाता है। कृषि पर्यटन को बढ़ावा देने के तहत यहां पर्यटकों को ग्रामीण जीवन और खेती से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त किया जा सके।
मालूम हो कि पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार की ओर से प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। संस्कृति एवं प्राकृतिक संपदा के संरक्षण, समुदाय आधारित मूल्य व जीवन शैली को बढ़ावा देने तथा आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरण स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता को इसमें रखा जाता है। इन्हीं विषयों पर प्रविष्टियां राज्यों से आमंत्रित की जाती हैं। इस वर्ष प्रविष्टियों के आधार पर उत्तराखंड के चार ग्रामों को चयनित किया गया है।
इस अवसर पर उत्तराखंड के पर्यटन सचिव श्री सचिन कुर्वे, अपर निदेशक पर्यटन व नोडल अधिकारी श्रीमती पूनम चंद एवं चयनित चार ग्रामों के प्रधान एवं प्रतिनिधि यथा हर्षिल के ग्राम प्रधान श्री दिनेश सिंह, सूपी की ग्राम प्रधान श्रीमती प्रेमा देवी, जखोल के ग्राम प्रधान श्री विनोद कुमार एवं गूंजी के ग्राम प्रतिनिधि श्री कृष गुंज्याल आदि उपस्थित रहे।