Rudraprayag Accident: उत्तराखंड में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां यात्रियों से भरी बस अलकनंदा नदी में बह गई है। 10 यात्री लापता है। दो की मौत हो गई है। यह घटना घोलतीर में हुई है। घायलों को अस्पताल लाया गया है। यह घटना सुबह लगभग सात बजकर 40 मिनट पर हुई है। राहत दल को बचाव कार्य में काफी परेशानी आ रही है।
चालक सुमित ने बताया कि केदारनाथ दर्शन के बाद बदरीनाथ दर्शन के लिए जा रहे थे। तभी एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दौरान कुछ लोग वाहन से बाहर छिटक गए। चालक के अलावा अस्पताल में भर्ती अन्य यात्रियों ने भी यही बात बताई। वहीं घायल भावना ने बताया कि रात को रुद्रप्रयाग में रुके थे। आज सुबह लगभग साढ़े सात बजे बदरीनाथ के लिए रवाना हुए थे।
यात्री राजस्थान के उदयपुर से यात्रा पर आए थे
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि अब तक नौ लोगों को रेस्क्यू किया गया है, जिनमें दो की मौत हो चुकी है। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। आठ घायलों को जिला चिकित्सालय भेजा गया है। घायलों में कई छोटे बच्चे भी हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के वक्त तीन लोग वाहन से बाहर छिटककर गिर गए, वाहन के अन्य यात्री नदी की तेज धार में बह गए। घटनास्थल से एक शव बहकर शिवपुरी तक पहुंचा, जिसे रेस्क्यू कर निकाला गया। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने अलकनंदा नदी में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, लेकिन तेज बहाव और दुर्गम स्थल के कारण राहत कार्य में खासी मुश्किलें आ रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि SDRF सहित अन्य बचाव दलों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हैं।