दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व की शुरुआत आज से होने जा रही है। लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के लिए शुक्रवार यानी 19 अप्रैल को 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 102 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इसमें देवभूमि की सभी पांच लोकसभा सीटें भी शामिल हैं। lok sabha election में उत्तराखंड के 83,37,914 मतदाता 55 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
पांच लोकसभा सीटों के लिए मैदान में खड़े 55 प्रत्याशियों ने जनता जर्नादन तक अपनी बात पहुंचाने में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रखी। अब यह देखना है कि लोग अपनी जिम्मेदारी कहां तक निभा पाते हैं। उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल, गढ़वाल, हरिद्वार, अल्मोड़ा, नैनीताल-ऊधम सिंह नगर लोकसभा सीटें हैं।
पिछले लोकसभा चुनावों की बात करें तो 61.50 प्रतिशत मतदान हुआ था। भाजपा ने पांचों पर कमल खिलाया था। इस बार जहां बीजेपी एक बार फिर पुराना प्रदर्शन दोहराना चाहेगी तो वहीं कांग्रेस सत्ता पर काबिज होने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाएगी।

चुनाव आयोग की तैयारियां पूरी
शाम को पांच बजे तक जो भी मतदाता अपने मतदेय स्थल के भीतर दाखिल हो जाएंगे, वे सभी वोट दे सकेंगे। वोट डालने के लिए वोटर आईडी के अलावा 12 अन्य दस्तावेज का भी इस्तेमाल कर सकेंगे। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने बताया, शाम तक 9,500 पोलिंग पार्टियां अपने मतदेय स्थल पर पहुंच चुकी थी। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया, सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। मतदान शुरू होने से पहले सभी प्रत्याशियों के पोलिंग एजेंटों की मौजूदगी में मॉक पोल होगा।
शाम पांच बजे तक सील रहेंगी सीमाएं
मतदान के दिन उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश की सीमाओं पर पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स का पहरा रहेगा। मतदान पूरा होने तक सीमाओं को पूरी तरह सीज किया जाएगा। ड्रोन की मदद से सीमाओं के आसपास के क्षेत्र में नजर रखी जाएगी। चुनाव आयोग की टीम लगातार सीमाओं पर गश्त करती रहेगी।