मायानगरी मुंबई से एक बड़ी खबर आ रही है। 90 के दशक के हीरो नंबर वन Govinda गोली लगने से घायल हो गए हैं। गोली उनके पैर में लगी है। गोली उनकी ही लाइसेंसी रिवाल्वर से चली है। एक्टर कोलकाता के लिए निकलने वाले थे। मंगलवार सुबह पांच बजे रिवाल्वर साफ करते वक्त यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि रिवाल्वर अभिनेता के हाथ से छूटने के बाद उनके पैर पर गिर पड़ी तभी फायर हो गया। जब हादसा हुआ तब उनकी पत्नी घर पर नहीं थीं।
गोविंदा की बेटी टीना ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि उनके पापा आईसीयू में हैं। डॉक्टर 24 घंटे के बाद स्थिति देखते हुए निर्णय लेंगे। फिलहाल, वह ठीक हैं। डॉक्टरों का कहना है कि खून ज्यादा बह गया है इसलिए उन्हें निगरानी में रखा गया है। गोली निकाल दी गई है। गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा के मुताबिक अभिनेता सुबह कोलकाता के लिए रवाना हो रहे थे। शशि सिन्हा उस वक्त एयरोपोर्ट पर थे। गोविंदा ने उनसे कहा, ‘आप बोर्डिंग कराओ, हम भी पहुंच रहे हैं’। गोविंदा जिस वक्त घर से निकल रहे थे अचानक रिवॉल्वर उनके हाथ से फिसल गई और गोली उनके पैर में लग गई।
गोविंदा ने हादसे के बाद अस्पताल से बयान जारी कर कहा है, ‘नमस्कार, प्रणाम, मैं हूं गोविंदा। आप सभी का आशीर्वाद और बाबा का आशीर्वाद। गोली लगी थी। लेकिन, गुरू की कृपा से गोली निकाल दी गई है। मैं धन्यवाद देता हूं यहां के डॉक्टरों का। आप सभी की प्रार्थनाओं के लिए आप सभी का धन्यवाद व आभार’।
कई सितारे रखते हैं हथियार
गोविंदा इंडस्ट्री के इकलौते सितारे नहीं हैं, जिनके पास हथियार है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक और भी कालकार अपनी सुरक्षा के लिए हथियार रखते हैं। बताया जाता है कि अभिनेता सनी देओल के पास रिवॉल्वर है। उन्होंने अपनी फिल्म ‘सिंह साहब’ में भी इसका इस्तेमाल किया था। सलमान खान का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। सलमान खान को अपनी सुरक्षा के लिए गन लाइसेंस मिला है। सलमान खान को बिश्नोई गैंग से कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। इसके बाद वे अपनी सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम करके चलते हैं। बॉलीवुड सितारों के साथ-साथ चर्चित अदाकारा पून ढिल्लो के पास भी गन होने की बात कही जाती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पूर्व फेमिना मिस इंडिया और एक्ट्रेस पूनम ढिल्लो अपनी सुरक्षा के लिए गन रखती हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने इस बात का खुलासा किया था। अमिताभ बच्चन के पास कई फिल्मों में गोली-बंदूक और रिवॉल्वर देखी होंगी। बताया जाता है कि वास्तविक जीवन में भी उनके पास लाइसेंसी हथियार है। रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमले के बाद अमिताभ बिग बी ने गन खरीदी थी। उनके पास .32 की रिवाल्वर है।