देशभर में Corona के बढ़ते मामले चिंताजनक स्थिति में पहुंचने लगे हैं। देवभूमि उत्तराखंड में अब तक कुल दस मामले सामने आ चुके हैं। पांच मामलों की पुष्टि बुधवार को हुई। 19 मरीजों की आरटीपीसीआर जांच की गई थी। इसमें पांच मरीजों में वायरस की पुष्टि हुई। इसके साथ मरीजों की संख्या बढ़कर 10 पहुंच गई। छह मरीजों में अभी कोरोना सक्रिय है। एक मरीज का इलाज श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में चल रहा है। बाकी पांच मरीज होम आइसोलेशसन में हैं।
जिन पांच मरीजों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है उसमें दो प्रदेश में ही रह रहे हैं। जबकि अन्य तीन मरीज हैदराबाद, बंगलुरू और बिजनौर की यात्रा कर लौटे थे। प्रदेश भर में अभी कोरोना के छह मरीज एक्टिव हैं। इसमें से ऋषिकेश एम्स के दो डॉक्टर और एक स्टाफ नर्स भी शामिल हैं।
कोरोना के संभावित खतरे को देखते हुए प्रदेश की सभी चिकित्सा इकाईयों में अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रदेश में अब कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 10 पहुंच गई है। स्वास्थ्य सचिव उत्तराखंड डॉ. आर राजेश कुमार ने कहा, प्रदेश में कोरोना वायरस से निपटने की तैयारियां को और भी तेज कर दिया गया है। प्रदेश में बुधवार को पांच नए मामले सामने आने के बाद सभी को और अधिक सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी चिकित्सा इकाईयों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
देश में सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या 1252
कोरोना वायरस एक बार फिर देश में तेजी से फैल रहा है। भारत के कई बड़े शहरों और राज्यों में नए केस लगातार सामने आ रहे हैं। मौतों का आंकड़ा भी बढ़ने लगा है। दिल्ली, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में संक्रमण की रफ्तार में अचानक तेजी आई है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, देश में एक्टिव कोरोना केस की संख्या बढ़कर 1,252 हो गई है। अब तक इसके संक्रमण के कारण 13 लोगों की जान जा चुकी है। देश में सबसे ज्यादा 430 एक्टिव मामले केरल से सामने आए हैं, जबकि महाराष्ट्र 325 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है। सिर्फ मुंबई में ही 316 एक्टिव केस हैं। उत्तर प्रदेश के रहने वाले एक व्यक्ति की चंडीगढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह व्यक्ति पंजाब के लुधियाना में काम करता था और सांस लेने में तकलीफ के चलते चंडीगढ़ रेफर किया गया था। वहां जांच में उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई। इसके अलावा, महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में कुल 11 मौतें हुई हैं, जिससे देश में कुल मृतकों की संख्या 13 हो गई है।
यह भी पढ़ें : कोरोना के बाद क्यों बढ़े हार्ट अटैक के मामले, अब सामने आई वजह