लोकसभा चुनाव से पहले जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘अबकी बार, 400 पार’ का नारा दिया था तो किसी को भी यह उम्मीद नहीं थी कि ऐसा कुछ होने जा रहा है। लोकसभा चुनाव के सातवें चरण के बाद मीडिया चैनलों पर दिखाए गए Exit Polls ने हैरान करने वाले आंकड़े दिए हैं। अगर कुछ प्रमुख पोल सर्वे करने वाली एजेंसियों और चैनलों के अनुमान की मानें तो भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए इन चुनावों में 400 पार के जादुई आंकड़े को छूने जा रहा है। इसके अलावा सभी मीडिया चैनलों ने अपने Exit Polls में एनडीए के दमदार तरीके से तीसरी बार सत्ता में काबिज होने का अनुमान जताया है।
न्यूज़24-Today’s Chanakya ने अपने Exit Poll में एनडीए को 400 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। इसमें 15 सीटों की घटत-बढ़त की संभावना भी जताई गई है। वहीं इंडिया गठबंधन को 107 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। अन्य के खाते में 36 सीटें जाने का अनुमान जताया गया है।
आज तक- Axis My India ने एनडीए को 361 से 401 सीटें मिलने की संभावना जताई है। इंडिया गठबंधन को इस एग्जिट पोल में 131 से 166 सीटें दी गई हैं। वहीं अन्य के खाते में 8-20 सीटें जाने की बात है। 2019 के लोकसभा चुनाव में आज तक- Axis My India का आंकड़ा एनडीए को मिली सीटों के सबसे करीब था।
वहीं इंडिया टीवी – CNX ने एनडीए को 371 से 401 सीटें मिलने की बात कही है। इस सर्वे में इंडिया गठबंधन के खाते में 109 से 139 सीटें और विपक्ष के खाते में 28-38 सीटें जाने का अनुमान जताया गया है।
यह भी देखें – Exit Polls: उत्तराखंड में हैट्रिक लगा रही भाजपा, फिर सभी सीटें जीतने की संभावना
अन्य प्रमुख चैनलों के सर्वे इस प्रकार हैं –
एबीपी-सीवोटर ने एनडीए को 353-383, इंडिया गठबंधन को 152-182 और अन्य को 04-12 सीटों का अनुमान जताया है। टाइम्स नाऊ-ईटीजी ने एनडीए को 358, इंडिया गठबंधन को 152 और अन्य को 33 सीटें दी हैं। टीवी 9-पोलस्ट्रैट ने अपने सर्वे में एनडीए को 342, इंडिया गठबंधन को 166 और अन्य को 35 सीटें मिलने की बात कही है। इंडिया न्यूज़-डी-डायनामिक्स ने भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को 371 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। वहीं इंडिया गठबंधन को 125 और अन्य को 47 सीटे मिलने की बात कही है। न्यूज नेशन के सर्वे में एनडीए को 342-378 सीटें दी गई हैं। वहीं इंडिया एलायंस को 153 से 169 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। अन्य को 21 से 23 सीटें मिलने की संभावना न्यूज नेशन ने जताई है। रिपब्लिक मैट्रिज ने अपने सर्वे में एनडीए को 353-368, इंडिया एलायंस को 118-133 और अन्य को 43-48 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है।