लोग कहते हैं, छोटी-छोटी मछलियां जाल में फंसा रहे हैं। अब बड़ी मछलियां भी जाल में आ रही हैं। आगे देखिए, मगरमच्छ भी नहीं छोड़े जाएंगे। हम लोग शुरुआत से ही यह संकल्प लेकर चल रहे हैं कि देवभूमि को भ्रष्टाचार मुक्त बनाकर रहेंगे। हम यह संकल्प लेकर काम कर रहे हैं। यह बातें उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मोदी सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भाजपा मुख्यालय मे आयोजित कार्यक्रम में कहीं। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने हरिद्वार जमीन घोटाले में आईएएस और पीसीएस अफसरों पर हुई कार्रवाई की ओर इशारा करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोग चाहे वह किसी भी ओहदे पर हो, अब कोई बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने हंसते हुए कहाकि हम यहां केंद्र की उपलब्धियों पर बात करने के लिए आए थे, मगर आप लोग प्रदेश की बात छेड़ दिए तो आपको यह बता रहा हूं। इसके अलावा सीएम ने यूसीसी पर भी अपनी बात रखी।
पीएम मोदी ने स्थापित की परफॉर्मेंस ऑफ पॉलिटिक्स की एक नयी संस्कृति
इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पीएम मोदी ने देश की राजनीति मे परफॉर्मेंस ऑफ पॉलिटिक्स की एक नयी संस्कृति स्थापित की है। अब सरकार का अर्थ बदल गया है। अब सरकार रिफॉर्म, परफॉर्म तथा ट्रांसफॉर्म की भावना से संचालित हो रही है। वहीं जन सहभागिता शासन की आत्मा बन गयी है। कहा कि देश के इतिहास में पीएम मोदी का कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा। भारत ने वैश्विक मंच पर आज सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अलग पहचान बनाई है । विकसित भारत निर्माण में योगदान के लिए हम भी उत्तराखंड को विकसित बना रहे है, जिसमें प्रत्येक ग्राम, तहसील, शहर का उत्थान शामिल है। वहीं इस अवसर कर प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने कहा, विकसित भारत संकल्प सिद्धि तक पीएम मोदी के नेतृत्व में 140 करोड़ देशवासियों का यह प्रयास अनवरत जारी रहेगा।
सीएम ने प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के साथ वहां केंद्र की 11 वर्ष की उपलब्धि आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। सीएम ने कहा, मोदी सरकार का कार्यकाल ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प की सिद्धि का स्वर्णिम काल बन रहा है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र के साथ कार्य किए जा रहे हैं। बीते 11 वर्षों की यह यात्रा मोदी जी ने अकेले नहीं बल्कि खुद को तपा कर 140 करोड़ देशवासियों के परिश्रम, त्याग और सपनों को परवाज देते हुए की है। उन्होंने कहा, 2014 से अब तक का कालखंड भारत के भविष्य के लिए एक मजबूत नीव रखने का है।
सीएम धामी ने कहा कि इन 11 साल में विकास और विरासत के इस सफर ने देश की तस्वीर और देशवासियों की हालात बदलने का ऐतिहासिक काम किया है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत की सोच में जहां तकनीक है, वहां तरक्की है, वहीं गरीबों का कल्याण है और यह सब वहां है जहां जहां भाजपा की सरकार है। हमारी सरकार में शासन ही सेवा है और सुशासन ही संस्कृति है। 11 वर्षों में भारत को विकसित बनाने के अमृतकाल की शुरुआत की गई है। 2014 से पहले यह धारणा थी कि काम कैसे होगा, ये नहीं हो पाएगा, ये हो ही नहीं सकता जबकि आज की सोच है ये होगा और जरुर होगा क्योंकि मोदी है तो मुमकिन है। मोदी सरकार देश की राजनीति में पालिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस की संस्कृति लेकर आई है। अब सरकार का मतलब रिस्पोंसिव गवर्नमेंट, रिस्पॉन्सिबल गवर्नमेंट, अकाउंटेबल गवर्नमेंट है। ये रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म गवर्नमेंट वाला पब्लिक पार्टिसिपेशन का शासन है।
उन्होंने सरकारों की तुलनात्मक चर्चा करते हुए कहा, 2014 से पहले के भारत में भ्रष्टाचार, घोटालों और तुष्टिकरण की ही बात सामने आती थी, लेकिन अब मोदी सरकार में विकास, अविष्कार और नवाचार की बातें हो रही हैं। पहले सरकारी योजनाओं के पैसे लोगों तक नहीं पहुँचते थे, बिचौलिये खा जाते थे लेकिन डायरेक्ट बेनिफिट के माध्यम से अब सीधे जनता के अकाउंट में पैसे पहुंच रहे हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में अब सरकार जनता के स्वास्थ्य की सीधे चिंता कर रही है। क्योंकि पहले इलाज के लिए सोचना पड़ता था, अब आयुष्मान भारत योजना से अस्पतालों में मुफ्त इलाज होता है। पहले हम इंपोर्ट पर आश्रित थे, आज मेक इन इंडिया की ताकत से एक्सपोर्ट में लीड कर रहे हैं। रक्षा क्षेत्र में भी भारत आत्मनिर्भर बन रहा है, आज भारत मेक इन इंडिया पाकिस्तान में टेस्टेड और दुनिया में ट्रस्टेड बन गया है। पहले हम दुनिया की अस्थिर अर्थव्यवस्था में आते थे, आज दुनिया की चौथी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर हैं।
मी ने कहा, सुखद संयोग है कि विकसित भारत के अमृत काल के 11 वर्ष तब पूरे हो रहे हैं जब दुनिया में ऑपरेशन सिंदूर का डंका बज रहा है। ये अभियान सिर्फ एक सैन्य मिशन नहीं है, ये हमारे संकल्प, साहस और बदलते भारत की तस्वीर है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा कि कांग्रेस के राज में इंदिरा से लेकर मनमोहन तक सिर्फ गरीबी हटाओ के नारे दिए जाते थे, लेकिन अब आंकड़े बताते हैं कि मोदी सरकार में 27 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं। आज भारत का गरीब सिर्फ आंकड़ों में नहीं है, बल्कि नीति निर्माण का केन्द्र बन गया है। आज हम देख सकते हैं कि केन्द्र सरकार की योजनाओं में गरीब केंद्र बिन्दु है जैसे PM गरीब कल्याण अन्न योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, PM आवास, जल जीवन मिशन, PM जनधन योजना, आयुष्मान भारत, PM किसान सम्मान निधि आदि अनेक योजनाओं के माध्यम से गरीबों का कल्याण हो रहा है। ये 11 साल हमारी महान संस्कृति के पुनरुद्धार और धार्मिक जागरण के रहे हैं। जिसमें देश की विरासत की पुरानी गरिमा वापस दिलाने का भागीरथ प्रयास हुआ है।
सीएम ने कहा, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में भारत की रैंकिंग वैश्विक स्तर पर 142 से सुधरकर 63 पर पहुंची है। मध्यम वर्ग को राहत देते हुए नई कर व्यवस्था में 12.75 लाख रुपये तक की आय पर टैक्स से छूट दी गई है। मोदी सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को एक नई रफ्तार दी है। 99 प्रतिशत गांव सड़क कनेक्टिविटी से जुड़ चुके हैं। देश में प्रतिदिन 34 किलोमीटर हाईवे का निर्माण हो रहा है। रेल और हवाई कनेक्टिविटी का भी तेजी से विस्तार हुआ है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम द्वारा लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। स्टार्टअप इंडिया योजना ने भारत को दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बनाया है। 15 करोड़ नल से जल, 81 करोड़ को मुफ्त राशन, 12 करोड़ शौचालय, 52.5 छोटे उद्यमियों को लोन, 17.1 करोड़ नौकरियां, आतंकवाद को लेकर 2016,19 और 25 में सर्जिकल स्ट्राइक,नोटबंदी, जीएसटी, डिजिटल लेनदेन, तीन तलाक, महिला आरक्षण, स्वच्छता अभियान आदि अनेकों अनेकों ऐतिहासिक कार्य तस्दीक करते हैं कि भारत के स्वर्णिम युग की शुरुआत हो गई है।
उत्तराखंड में हुए कार्यों का भी किया जिक्र
उत्तराखंड का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में हर क्षेत्र में तेजी से कार्य किएजा रहे हैं। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन का निर्माण कार्य बहुत तेजी से हो रहा है। दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड पर भी तेजी से कार्य हो रहे हैं। केदारनाथ और हेमकुंट साहिब रोपवे निर्माण के बाद श्रद्धालुओं को काफी सुविधा होगी। इस कार्यकाल में अनेकों ऐतिहासिक निर्णय हुए हैं, जिनमें जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना, तीन तलाक खत्म करना, GST लागु करना, वक्फ बिल जैसे सख्त निर्णय लिए गये हैं। हमारी विदेश नीति में आज देश के सांस्कृतिक महत्त्व की झलक स्पष्ट दिखती है। इस अवसर पर प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हर वर्ग के लिए विकसित भारत की दिशा में तेज कदमों से सरकार काम कर रही है। इन 11 वर्षों में वैश्विक स्तर पर पहचान के साथ सुशासन, सुरक्षा और आर्थिक मोर्चे पर ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। विकास और विरासत के मूल मंत्र पर आज विकसित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हो रहा है। तुष्टिकरण नहीं संतुष्टीकरण की नीति पर आगे बढ़ते हुए हमारी जनता का विश्वास हासिल करने में सफल रही है।