Accident in Uttarakhand: पिथौरागढ़ जिले के मुवानी में यात्रियों से भरी एक मैक्स के 150 फीट गहरी खाई में गिरने से 8 लोगों की मौत हो गई। छह लोग गंभीर रूप से घायल है। पिथौरागढ़-थल मार्ग पर शाम पांच बजे यह हादसा हुआ। मुवानी से सवारियां लेकर यह मैक्स बोकटा गांव के लिए निकली थी और महज एक किलोमीटर पहले हादसे का शिकार हो गई। हादसे में मारे गए सभी यात्री बोकटा गांव के थे।
स्थानीय लोगों ने हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित किया और घायलों के रेस्क्यू के लिए खाई में उतर गए। इस हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 साल की सिमरन और 40 साल के ड्राइवर नरेंद्र सिंह ने मुवानी अस्पताल में दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया है।
हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा ‘जनपद पिथौरागढ़ के मुवानी क्षेत्र में वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह असीम कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं, सभी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।’
हादसे के मृतक
सिमरन( 8) पुत्री कुंदन सिंह
तनुजा (14) पुत्री चंद्र सिंह
विनीता (15) पुत्री चंद्र सिंह
नरेंद्र सिंह(40) पुत्र चंद्र सिंह(चालक )
राजेंद्र सिंह (60) पुत्र किशन सिंह
होशियार सिंह (65) पुत्र भीम सिंह
शान्ति देवी (50) पत्नी केशव राम
दीक्षा (26) पत्नी पंकज बोरा
घायल
विनीता(20) पुत्री बहादुर सिंह बोकटा गांव
योगेश कुमार पुत्र किशन राम छात्र
श्याम सिंह मुनौला (35) पुत्र बहादुर सिंह
दीवान सिंह (55) पुत्र भीम सिंह
सुमित सिंह(22) पुत्र प्रवीण सिंह
पूजा मुनौला (30) पत्नी कुंदन सिंह मुनौला