International Yoga Day: उत्तराखंड से निकला योग आज पूरे विश्व को स्वास्थ्य लाभ दे रहा है। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर फिर उत्तराखंड ने पूरी दुनिया को योग का संदेश देने की कोशिश की। इसके साथ देश का पहला राज्य उत्तराखंड बना, जिसने अपनी योग नीति तैयार की है। गैरसैंण में सीएम धामी ने योगासन के बाद योग नीति जारी की। योग की जन्मस्थली है अब योग की वैश्विक राजधानी बनने की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। भराड़ीसैंण में आयोजित कार्यक्रम में सीएम धामी ने कहा कि सभी योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ व संतुलित समाज के निर्माण में सहभागी बनें। यहां सीएम को अपने बीच पाकर बच्चे उत्साहित नजर आए। सीएम के साथ 8 देशों के राजदूत, उच्चायुक्त एवं अन्य प्रतिनिधियों ने भी योग किया। इससे पहले शाम को उनके स्वागत में विशेष पारंपरिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
भराड़ीसैंण, गैरसैंण में 11वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने किया योग। #YogaInGairsain#InternationalDayOfYoga2025 #IDY2025 #YogaForOneEarthOneHealth#Uttarakhand pic.twitter.com/DgBHPkE2RY
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) June 21, 2025
भराड़ीसैण की ठंडी हवाओं से लेकर केदारनाथ की दिव्यता तक, हर कोना योगमय नजर आया। राष्ट्रपति, राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत प्रदेशभर के जनमानस ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन, संतुलित मन और सशक्त भारत का संदेश दिया। कर्णप्रयाग के भराड़ीसैण में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योग दिवस पर 800 से अधिक लोगों के साथ योग किया। पारंपरिक स्वागत के बीच मंच पर पहुंचे सीएम ने उत्तराखंड की अपनी योग नीति का अनावरण भी किया। उनके साथ मंत्री धन सिंह रावत, विधायक अनिल नौटियाल, योग गुरु भारत भूषण और कई देशों के राजनयिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने बच्चों से मुलाकात कर योग के प्रति उनका उत्साह भी सराहा।
राष्ट्रपति मुर्मू देहरादून में किया योग
देहरादून पुलिस लाइन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल गुरमीत सिंह और मंत्री सुबोध उनियाल ने सामूहिक योग किया। राष्ट्रपति की उपस्थिति में कार्यक्रम भव्य और प्रेरणास्पद रहा। सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि योग भारत की गौरवशाली परंपरा का अमूल्य उपहार है, जो शरीर और मन दोनों को सुदृढ़ करता है।
मॉर्निंग वॉक के समय ग्रामीणों से मिले धामी
भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में प्रातः काल भ्रमण के दौरान सीएम धामी ने परिसर में लगे सेब के पौधों का निरीक्षण किया। उन्होंने एक्स पर किए पोस्ट में लिखा कि ये पौधे न केवल उत्तराखंड में सेब की खेती की अनुकूलता को दर्शाते हैं, बल्कि एप्पल मिशन के अंतर्गत चल रहे अभूतपूर्व कार्यों का भी प्रमाण हैं। हमारी सरकार द्वारा एप्पल मिशन के अंतर्गत सेब के बागान लगाने वाले किसानों को 80 प्रतिशत तक की सब्सिडी प्रदान की जा रही है, जिससे राज्य में बागवानी को एक नई दिशा मिल रही है। सीएम ने इसके बाद स्थानीय एवं युवा साथियों से भेंट कर जनकल्याणकारी कार्यों पर फीडबैक भी प्राप्त किया।
विशाखापट्टनम से पीएम मोदी का खास संदेश
इस बार “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम के साथ दुनिया भर में योग दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विशाखापट्टनम में तीन लाख लोगों के साथ योग किया। पीएम ने कहा, योग फिटनेस से कहीं ज्यादा है, योग सिर्फ शारीरिक व्यायाम नहीं है। यह आत्म-जागरूकता, मानसिक स्पष्टता, भावनात्मक संतुलन और आध्यात्मिक विकास की यात्रा है। दुनियाभर में लोग योग कर रहे हैं। देश और दुनिया के सभी लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बहुत बहुत शुभकामनाएं। आज 11वीं बार पूरा विश्व एक साथ 21 जून को योग कर रहा है। योग का सीधा अर्थ होता है जुड़ना। ये देखना सुखद है कि कैसे योग ने पूरे विश्व को जोड़ा है।