38th National Games का खुमार चरम पर पहुंच चुका है। खिलाड़ी पूरे दमखम से जोर आजमाइश में लगे हैं। इस बीच खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी भी मंगलवार को देहरादून महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया साथ ही उनके साथ बैठकर भोजन भी किया।
मुख्यमंत्री ने रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में 38वें राष्ट्रीय खेलों की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को भोजन परोसा और खिलाड़ियों के साथ बैठकर भोजन भी किया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग ले रहे विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों से बात कर उनका हौसला भी बढ़ाया। इस अवसर पर उन्होंने शूटिंग रेंज का अवलोकन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 38वें राष्ट्रीय खेलों की अच्छी शुरुआत हुई है राज्य सरकार का प्रयास है कि सभी खिलाड़ी देवभूमि उत्तराखंड से अच्छा अनुभव लेकर जाएं। खिलाड़ियों और आगंतुकों को हर संभव सुविधा प्रदान करने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल का अनुभव राज्य के लिए काफी कारगर साबित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर राज्य के खिलाड़ियों को वहां के खान पान के हिसाब से भोजन उपलब्ध कराने के प्रयास किए गए हैं। मुख्यमंत्री राष्ट्रीय खेल का अपडेट अधिकारियों से ले रहें हैं और स्वयं भी विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।
बतादें किउत्तराखंड 38वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी कर इतिहास रच दिया है। 35 खेल स्पर्धाओं में देशभर के करीब दस हजार खिलाड़ी 3674 पदकों के लिए अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। उत्तराखंड ने पांच दिन चली मार्शल आर्ट प्रतियोगिता वुशु में शानदार प्रदर्शन की बदौलत एक स्वर्ण सहित 12 पदक जीतकर अब तक का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। राज्य गठन के बाद अब छह राष्ट्रीय खेल हुए हैं। कभी ऐसा नहीं हुआ जब इस खेल में राज्य के खिलाड़ियों को इतने पदक मिले हों।
राष्ट्रीय खेलों की शुरुआत होते ही अन्य खेलों के मुकाबले खासकर वुशु में राज्य के खिलाड़ी पदक तालिका में बढ़त बनाए रहे। उत्तराखंड की बेटी ज्योति वर्मा ने कांस्य पदक जीतकर राज्य की झोली में पहला पदक दिया। इसके बाद अचोम तपस के स्वर्ण पदक जीतने से खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया। इलाबाम इटाली चानू, फेब्रिस देवी व हर्षित शर्मा ने रजत पदक जीतकर राष्ट्रीय पदक तालिका में राज्य को टॉप 11 में पहुंचा दिया था।