38th National Games : मार्शल आर्ट प्रतियोगिता वुशु में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का जलवा है। राज्य गठन के बाद हुए छह राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड को कभी वुशु में 12 पदक नहीं मिले थे। पांच दिन चली मार्शल आर्ट प्रतियोगिता वुशु में शानदार प्रदर्शन की बदौलत एक स्वर्ण सहित 12 पदक जीतकर अब तक का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
यह भी पढ़ें : 800 रुपये लीटर का पानी पीकर मुक्केबाज जड़ेंगे पंच
राष्ट्रीय खेलों की शुरुआत होते ही अन्य खेलों के मुकाबले खासकर वुशु में राज्य के खिलाड़ी पदक तालिका में बढ़त बनाए रहे। उत्तराखंड की बेटी ज्योति वर्मा ने कांस्य पदक जीतकर राज्य की झोली में पहला पदक दिया। इसके बाद अचोम तपस के स्वर्ण पदक जीतने से खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया। इलाबाम इटाली चानू, फेब्रिस देवी व हर्षित शर्मा ने रजत पदक जीतकर राष्ट्रीय पदक तालिका में राज्य को टॉप 11 में पहुंचा दिया था।
प्रतियोगिता में राज्य को एक स्वर्ण, तीन रजत और आठ कांस्य पदक मिले। जबकि, इससे पहले 2023 में गोवा में हुए राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड को वुशु में मात्र एक कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था। इस बार वुशु में 23 राज्यों के 390 खिलाड़ियों के बीच 39 स्वर्ण सहित 136 पदकों के लिए मुकाबला हुआ। इससे पहले 2022 में गुजरात में हुए 22 वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य को वुशु में कोई पदक नहीं मिला था।