38वें नेशनल गेम्स : उत्तराखंड में पहली बार होने वाले राष्ट्रीय खेलों को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। धामी सरकार की तैयारियां पूरी हो गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर छोटी-छोटी चीजों का भी खास ख्याल रखा गया है। शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महाराणा प्रताप स्टेडियम देहरादून का स्थलीय निरीक्षण कर शुभारंभ के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।
26 जनवरी से शुरू हो रहे इन खेलों का औपचारिक उद्घाटन 28 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। आठ जिलों के 12 शहरों में 35 खेलों का आयोजन किया जाएगा। इन खेलों के लिए पूरे देश के करीब दस हजार से ज्यादा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। संकल्प से शिखर तक टैग लाइन और ग्रीन गेम्स थीम पर होने वाले 38वें राष्ट्रीय खेलों की शुरुआत ट्रायथलान से होगी। 14 फरवरी तक होने वाले इस समारोह में देश के सभी राज्यों के करीब दस हजार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
धामी सरकार इस आयोजन को यादगार बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है। शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महाराणा प्रताप स्टेडियम देहरादून का स्थलीय निरीक्षण कर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेलों के शुभारंभ के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेल की तैयारियों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि खिलाड़ियों और आगन्तुकों की सुविधा के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं बेहतर बनाई जाए। स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। राष्ट्रीय खेलों के शुभारंभ अवसर पर जनपद और ब्लॉक स्तर पर एलईडी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोग लाइव प्रसारण सुगमता से देख सकें। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को राष्ट्रीय स्तर पर अलग छवि बनाने का यह सुनहरा अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पास राज्य में खेलों को बढ़ावा देने यह अच्छा अवसर है। इससे युवाओं का खेलों के प्रति रुझान बढ़ेगा और खेल इन्फ्रास्टक्चर के विकास से राज्य में आगे भी अनेक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हो सकेगा। 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड की ओर से खेलने वाले खिलाड़ियों को पदक जीतने पर मिलने वाली पुरस्कार राशि के बराबर धनराशि राज्य सरकार भी देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में होने वाले राष्ट्रीय खेल को भव्य बनाने के लिए जनभागीदारी भी सुनिश्चित की जाए। राष्ट्रीय खेलों के शुभारंभ के अवसर पर जन सहभागिता से प्रदेशभर में दीपोत्सव और अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेल के दृष्टिगत राज्य के सभी खेल स्थलों के आस-पास आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों और आगन्तुकों के लिए आवागमन, ठहरने, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेल का आयोजन ग्रीन गेम्स की थीम पर किया जा रहा है।
राष्ट्रीय खेलों के शुभारंभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन के दृष्टिगत पुलिस और प्रशासन को सभी व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल के शुभारंभ के अवसर पर लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो पुलिस द्वारा रूट प्लान की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए। पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।