मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 28 जनवरी से शुरू हो रहे National Games में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी। मंगलवार को सीएम ने नई दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया से शिष्टाचार भेंट कर उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की तैयारियों के बारे में जानकारियां साझा कीं। सीएम ने बताया कि 28 जनवरी से 14 फरवरी, 2025 तक चलने वाले राष्ट्रीय खेलों के इस महापर्व में भारत के विभिन्न प्रांतों से आए लगभग 10 हजार से अधिक कुशल खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए काफी तैयारियां की गई हैं। राष्ट्रीय खेलों के आयोजन से उत्तराखंड में खेल संस्कृति का विकास होगा। प्रदेश में खेल अवस्थापनात्मक सुविधाओं का इस प्रकार विकास किया जा रहा कि राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिल सकें।
नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय खेल मंत्री श्री @mansukhmandviya जी से भेंट कर उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय खेलों के आयोजन की तैयारियों के बारे में जानकारी साझा की। साथ ही माननीय केंद्रीय मंत्री जी से प्रदेश में खेल अवस्थापना सुविधाओं को विकसित करने के लिए संचालित कार्यों के विषय में… pic.twitter.com/Kny5hsXsU6
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) January 7, 2025
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से जनपद अल्मोड़ा के डीनापानी में उच्च स्तरीय खेल सुविधाओं (हाई एल्टीट्यूट सेंटर) के निर्माण और प्रत्येक विकासखंड स्तर पर खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किए जाने हेतु एक-एक बहुद्देशीय स्पोर्ट्स हॉल की स्थापना के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्टस कॉलेज परिसर में स्थित आईस स्केटिंग रिंग के संचालन के लिए पूर्व में प्रेषित प्रस्ताव को मंजूरी देने का अनुरोध किया। साथ ही राज्य सरकार द्वारा जनपद नई टिहरी स्थित शिवपुरी में संचालित साहसिक प्रशिक्षण केंद्र के उच्चीकरण के लिए भी धनराशि की स्वीकृति दिए जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से जिला चम्पावत में महिला स्पोर्टस कालेज की भूमि पर इंडोर आर्टिफिशियल रॉक क्लाइबिंग वाल के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता का आग्रह किया। केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में खेल अवस्थापनात्मक सुविधाओं के विकास के लिए केंद्र से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।